वाराणसी। जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने मंडुवाडीह क्षेत्र में विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम के तहत चल रहे गणना प्रपत्रों के वितरण, उनकी वापसी और डिजिटाइजेशन कार्य का मंगलवार को औचक निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर मौजूद सुपरवाइजर और बीएलओ से अद्यतन प्रगति की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने आसपास के नागरिकों से गणना प्रपत्र मिलने, उसे भरकर जमा करने तथा पूरी प्रक्रिया की जानकारी के बारे में पूछा। उन्होंने लोगों को जागरूक करते हुए बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार यह अभियान त्रुटिरहित और अद्यतन मतदाता सूची तैयार करने के उद्देश्य से संचालित किया जा रहा है।
जिलाधिकारी ने कहा कि बीएलओ घर-घर जाकर एसआईआर फॉर्म वितरित कर रहे हैं। मतदाता फॉर्म भरकर बीएलओ को सौंप सकते हैं। इसकी अंतिम तिथि 4 दिसंबर तय की गई है।
उन्होंने निर्वाचन कार्य में लगे अधिकारियों और कार्मिकों को पारदर्शिता, निष्पक्षता और समयबद्धता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। साथ ही चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार की लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने आम जनता से अपील की कि वे अपने गणना प्रपत्र समय से जमा करें। उन्होंने कहा कि फॉर्म भरने, सूची मिलान और तकनीकी प्रक्रियाओं के हर चरण में सावधानी बरती जानी चाहिए ताकि मतदाता सूची अधिक सटीक और अद्यतन बन सके।

More Stories
वार्षिकोत्सव में निपुण व मेधावी छात्र हुए सम्मानित
मीरजापुर में वन्यजीव तस्करी का भंडाफोड़
योगी सरकार का बड़ा फैसला: सभी कैंटोनमेंट अस्पतालों में मिलेगा आयुष्मान योजना का लाभ