वाराणसी। सिंधोरा थाना क्षेत्र में अवैध मिट्टी खनन का मामला एक बार फिर गरमाया हुआ है। ग्रामीणों ने इस बार सीधे पुलिस कर्मियों पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से जारी खनन पर रोक न लगने के पीछे पुलिस की मिलीभगत होने की आशंका है।
ग्रामीणों के अनुसार, अवैध खनन में थाने से जुड़े एक हेड कांस्टेबल रोशन त्रिपाठी का नाम सामने आ रहा है। उन पर जेसीबी मशीनों के संचालन और खनन कार्यों में हस्तक्षेप करने का आरोप लगाया जा रहा है।
पूरे इलाके में आक्रोश, ‘परमिशन’ का हवाला देकर लौटाया जाता है—ग्रामीण
ग्रामीणों का कहना है कि जब भी वे अवैध खनन की शिकायत लेकर थाने जाते हैं, तो उन्हें “खनन का परमिशन” होने की बात कहकर वापस कर दिया जाता है।
उनका प्रश्न है कि जब पूरे वाराणसी जिले में जेसीबी से खनन रोकने की मुहिम चल रही है, तो सिंधोरा क्षेत्र में जेसीबी से खनन कैसे जारी है।
रात-दिन चल रहा खनन, खनन माफियाओं का मनोबल बढ़ा
ग्रामीणों का आरोप है कि खनन माफिया दिन-रात खुलेआम मिट्टी खनन कर रहे हैं और दावा करते हैं कि “थाना हमारा कुछ नहीं करेगा।”
स्थानीय लोगों के बीच यह चर्चा भी है कि खनन माफिया और थाने से जुड़े लोगों के बीच संबंध होने की बात सामने आती है,
एक ग्रामीण ने कहा—
“यह समझ नहीं आता कि खनन थाने के कारण चल रहा है या थाना खनन के कारण चर्चा में है।”
हेड कांस्टेबल और SHO के एक ही उपनाम को लेकर भी चर्चा
ग्रामीणों का कहना है कि थाने के SHO और आरोपों में घिरे हेड कांस्टेबल का एक ही उपनाम होना भी चर्चा का विषय बना हुआ है। कुछ लोगों का दावा है कि हेड कांस्टेबल SHO के परिचित होने का हवाला देते हैं, हालांकि यह भी अप्रमाणित जानकारी है।
जोन स्तर से हस्तक्षेप की मांग, जिला प्रशासन को दिया जाएगा आवेदन
लगातार हो रहे खनन से परेशान ग्रामीण अब गोमती जोन के पुलिस अधिकारियों से हस्तक्षेप की मांग कर रहे हैं।
लोगों का कहना है कि यदि स्थानीय स्तर पर कार्रवाई नहीं हुई, तो वे जिलाधिकारी को अज्ञात के नाम से आवेदन देकर अवैध खनन की शिकायत करेंगे।
अब सबकी निगाहें SHO सिंधोरा की कार्रवाई पर
क्षेत्र की जनता का कहना है कि खनन माफिया पर कार्रवाई के लिए अब सिंधोरा SHO की भूमिका अहम हो जाएगी। यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि अवैध खनन के आरोपों पर थाना किस प्रकार की कार्रवाई करता है।
रॉयल शाइन टाइम्स — दस्तक भ्रष्ट तंत्र के सीने पर

More Stories
वार्षिकोत्सव में निपुण व मेधावी छात्र हुए सम्मानित
मीरजापुर में वन्यजीव तस्करी का भंडाफोड़
योगी सरकार का बड़ा फैसला: सभी कैंटोनमेंट अस्पतालों में मिलेगा आयुष्मान योजना का लाभ