अप्रैल 2026 से बिना फ़ार्मर रजिस्ट्री और फैमिली ID नहीं मिलेगा योजनाओं का लाभ: किसान दिवस में बड़ा ऐलान

वाराणसी। विकास भवन सभागार में बुधवार को आयोजित किसान दिवस में मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार सिंह ने स्पष्ट किया कि अप्रैल 2026 से सभी सरकारी योजनाओं का लाभ केवल फ़ार्मर रजिस्ट्री और फैमिली ID से जुड़े किसानों को ही मिलेगा। जिन किसानों ने रजिस्ट्री नहीं कराई है, उन्हें अगले वित्तीय वर्ष से पीएम किसान सम्मान निधि का भुगतान भी बंद कर दिया जाएगा। अधिकारियों ने सभी किसानों से तत्काल रजिस्ट्री और फैमिली ID बनवाने की अपील की।

कार्यक्रम में कृषि, पशुपालन, उद्यान, सिंचाई, मत्स्य, रेशम, सहकारिता, वन विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा जनपद के सभी विकासखंडों से आए किसान शामिल हुए। बैठक में विभागीय योजनाओं की जानकारी देने और अधिक किसानों को लाभान्वित कराने के दिशा-निर्देश दिए गए।

पशुपालन विभाग ने बकरी पालन पर 90% तक अनुदान, सूकर, भेड़ और मुर्गी पालन योजनाएं, टीकाकरण अभियान, तथा सस्ते दर पर उपलब्ध चारा बीज—जई ₹42 प्रति किलोग्राम और बरसीम ₹162 प्रति किलोग्राम—की जानकारी दी। बीमार पशुओं के लिए उपलब्ध एम्बुलेंस सेवा 1962 का अधिक उपयोग करने का आग्रह भी किया गया।

उद्यान विभाग ने सब्जी बीज अनुदान, कीट व रोग प्रबंधन, कृषि यंत्रों पर अनुदान तथा विभागीय प्रशिक्षण कार्यक्रमों की जानकारी साझा की।
वहीं उप कृषि निदेशक ने बताया कि जनपद में खाद और बीज की कोई कमी नहीं है। यदि कहीं अभाव दिखे तो किसान तुरंत विभाग को सूचित करें।

बैठक में यह भी बताया गया कि आईआईवीआर में केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल की अध्यक्षता में PM किसान सम्मान निधि की 21वीं किस्त का सीधा प्रसारण किया जा रहा है, जिसमें किसानों से जुड़ने का अनुरोध किया गया है।

अधिकारियों ने किसानों से कहा कि हर माह होने वाले किसान दिवस में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें ताकि योजनाओं की सटीक और समयबद्ध जानकारी मिलती रहे। साथ ही 23 दिसंबर 2025 को कलेक्ट्री फार्म, चौदपुर में आयोजित होने वाले किसान सम्मान दिवस में शामिल होने का भी निमंत्रण दिया गया।

About The Author

Share the News