वाराणसी।
क्रिकेट आइकन सचिन तेंदुलकर के परिवार के सदस्य होने के बावजूद सादगी और आस्था से परिपूर्ण दर्शन—ऐसा दृश्य सोमवार की तड़के श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में देखने को मिला, जब उनकी पत्नी अंजलि तेंदुलकर और बेटी सारा तेंदुलकर ने बाबा विश्वनाथ के दरबार में हाजिरी लगाई।
मां–बेटी ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मुख्य अर्चक पंडित श्रीकांत मिश्रा के आचार्यत्व में जलाभिषेक कर बाबा का आशीर्वाद प्राप्त किया और देश–परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।
मंदिर में प्रवेश करते ही दोनों काशी विश्वनाथ कॉरिडोर की भव्यता, अलौकिक आभा और विशालता को देखकर भाव-विभोर हो उठीं। विशेष बात यह रही कि अंजलि व सारा ने किसी भी विशेष सुविधा का उपयोग नहीं किया और आम श्रद्धालुओं की तरह फर्श पर बैठकर प्रसाद ग्रहण किया। उनके इस सरल और विनम्र व्यवहार ने उपस्थित भक्तों का मन जीत लिया।
मंदिर प्रशासन की ओर से मुख्य कार्यपालक अधिकारी विश्वभूषण मिश्रा ने पारंपरिक तरीके से उनका स्वागत किया। उन्हें रुद्राक्ष माला, अंगवस्त्रम और स्मृति चिह्न भेंट किए गए।
दर्शन के बाद अंजलि तेंदुलकर ने काशी की आध्यात्मिक ऊर्जा और कॉरिडोर की दिव्य भव्यता की सराहना करते हुए कहा कि यहां आकर आत्मिक शांति की अनुभूति होती है। वहीं सारा तेंदुलकर ने बाबा विश्वनाथ के दरबार में प्राप्त सकारात्मक ऊर्जा को ‘अविस्मरणीय अनुभव’ बताया।
पूरे परिसर में मां–बेटी के आगमन को लेकर श्रद्धालुओं में उत्सुकता और उत्साह देखते ही बनता था।

More Stories
वार्षिकोत्सव में निपुण व मेधावी छात्र हुए सम्मानित
मीरजापुर में वन्यजीव तस्करी का भंडाफोड़
योगी सरकार का बड़ा फैसला: सभी कैंटोनमेंट अस्पतालों में मिलेगा आयुष्मान योजना का लाभ