वाराणसी। थाना मिर्जामुराद पुलिस ने तेज़ी से कार्रवाई करते हुए घर में हुई चोरी की घटना का महज़ 48 घंटे में सफल अनावरण कर दिया। पुलिस ने दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर सोने के जेवरात और ₹25,800 नकद बरामद किए हैं।
मामले की शुरुआत
दिनांक 16 नवंबर 2025 को वादी ने मिर्जामुराद थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि घर का ताला तोड़कर अज्ञात चोर जेवरात और नकदी लेकर फरार हो गए। मामले में मु0अ0सं0 316/2025, धारा 305(ए)/331(3) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
अपर पुलिस उपायुक्त गोमती ज़ोन वैभव बांगर ने घटना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल टीम गठित कर खुलासे के निर्देश दिए।
गिरफ्तारी और बरामदगी
18 नवंबर को पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना और आसपास की पूछताछ के आधार पर दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार किया—
1. आशीष यादव उर्फ शुभम कुमार यादव (24) निवासी बेनीपुर सबलपुर
2. रामदुलार उर्फ राजू राजभर (50) निवासी भिखारीपुर
आशीष यादव की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी का पूरा माल बरामद किया—
01 पीली धातु की अंगूठी – 3.01 ग्राम
03 कान के झुमके – 3.01 ग्राम, 6.01 ग्राम, 13.66 ग्राम
01 हार – 15.54 ग्राम
₹25,800/- नकद
बरामदगी के बाद मामले में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोत्तरी कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
कैसे रची गई थी चोरी की साजिश?
पूछताछ में आशीष यादव—जो वादी के घर के निर्माण कार्य में लेबर का काम कर रहा था—ने बताया कि उसने राजू राजभर (पूर्व में उसी मकान में ठेकेदारी का कार्य कर चुका) के साथ मिलकर चोरी की योजना बनाई थी।
15 नवंबर को जब वादी दंपती काम पर चले गए,
राजू राजभर घर के बाहर निगरानी करता रहा,
और इसी दौरान आशीष घर में घुसकर ताला तोड़कर अलमारी से जेवर और नकदी ले गया।
दोनों चोरी का सोना बेचकर पैसा बराबर बांटने वाले थे, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

More Stories
वार्षिकोत्सव में निपुण व मेधावी छात्र हुए सम्मानित
मीरजापुर में वन्यजीव तस्करी का भंडाफोड़
योगी सरकार का बड़ा फैसला: सभी कैंटोनमेंट अस्पतालों में मिलेगा आयुष्मान योजना का लाभ