प्रधानमंत्री आज काशी आएंगे, कल दिखाएंगे चार वंदेभारत को झंडी

● शाम 5.10 बजे पहुंचेंगे बाबतपुर एयरपोर्ट

● बरेका के अतिथिगृह में करेंगे रात्रि विश्राम
~~~~~
वाराणसी– प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 7 नवंबर को दो दिनी प्रवास पर अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी पहुंच रहे हैं। वह करीब 16 घंटे रहेंगे। इस दौरान बनारस रेल इंजन कारखाना परिसर स्थित अतिथिगृह में रात्रिविश्राम करेंगे। अगले दिन 8 नवंबर को बनारस रेलवे स्टेशन से चार नई वंदेभारत ट्रेनों को हरी झंडी दिखाएंगे। वह भाजपा नेताओं के साथ बैठक भी करेंगे। इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव की भी मौजूद रहेंगे।
प्रशासन के मुताबिक प्रधानमंत्री शुक्रवार शाम 5.10 बजे भभुआ हेलीपैड से बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां उनकी अगवानी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रभारी मंत्री सुरेश कुमार खन्ना करेंगे। इसके बाद वह सड़क मार्ग से बरेका गेस्ट हाउस पहुंचेंगे। मार्गों पर काशीवासी जगह-जगह गुलाब की पंखुड़ियों, बैंडबाजा, आरती और शंखनाद से उनका अभिवादन करेंगे।

मोदी जनप्रतिनिधियों संग करेंगे बैठक

मोदी बरेका गेस्ट हाउस में अल्पविश्राम के बाद अतिथिगृह में ही शाम 6 बजे से घंटेभर भाजपा नेताओं और जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक करेंगे। सूत्रों के मुताबिक मोदी रात्रिभोजन के बाद रोप-वे के अलावा कुछ निर्माणाधीन परियोजनाओं का निरीक्षण भी कर सकते हैं। प्रधानमंत्री आठ नवंबर को दिन में 9: 20 बजे बाबतपुर एयरपोर्ट से दरभंगा रवाना होंगे।

About The Author

Share the News