सम्पूर्ण समाधान दिवस: जिलाधिकारी और पुलिस उपायुक्त गोमती ज़ोन ने सुनीं जन समस्याएं, त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश

वाराणसी। शासन की मंशा के अनुरूप जन शिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के उद्देश्य से वाराणसी जनपद की सभी तहसीलों में “सम्पूर्ण समाधान दिवस” का आयोजन किया गया।

इस क्रम में जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार और पुलिस उपायुक्त गोमती ज़ोन आकाश पटेल ने तहसील राजातालाब में उपस्थित होकर आमजन की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उपजिलाधिकारी राजातालाब भी मौजूद रहे।

अधिकारियों ने कई शिकायतों का स्थल पर ही निस्तारण किया, जबकि शेष मामलों के गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध समाधान हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिलाधिकारी और पुलिस उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जमीनी विवादों से जुड़े मामलों में राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीमें जांच करें, ताकि फरियादियों को बार-बार भटकना न पड़े और न्यायपूर्ण समाधान सुनिश्चित हो सके।

इस अवसर पर पुलिस और राजस्व विभाग के अन्य अधिकारी-कर्मचारी भी उपस्थित रहे। साथ ही, गोमती ज़ोन के अंतर्गत अन्य तहसीलों में भी समाधान दिवस के दौरान जन समस्याओं की सुनवाई की गई।

About The Author

Share the News