बलिया में लूट के बाद शिक्षक की हत्या का पर्दाफाश: पुलिस मुठभेड़ में 50 हजारी बदमाश गिरफ्तार, दोनों पैरों में लगी गोली

बलिया पुलिस को मंगलवार की देर रात बड़ी सफलता हाथ लगी जब एसओजी, उभांव और भीमपुरा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने शिक्षक की हत्या और लूट में वांछित 50 हजारी बदमाश को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। गोली लगने से आरोपी घायल हो गया, जबकि उसका एक साथी मौके से फरार हो गया। पुलिस फरार बदमाश की तलाश में जुटी हुई है।

अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) दिनेश कुमार शुक्ल ने बताया कि मंगलवार रात करीब 11:30 बजे उभांव थाना क्षेत्र के मलेरा के पास चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध बाइक को रोकने का प्रयास किया, लेकिन बाइक सवारों ने रुकने के बजाय भागने की कोशिश की। पीछा करने पर बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायर झोंक दिया। आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई के दौरान पुलिस की गोली विकास सोनकर पुत्र बाबूलाल (निवासी बहरज, थाना बरहज, जनपद देवरिया) के दोनों पैरों में लगी।

पुलिस ने घायल बदमाश को दबोच लिया, जबकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पूछताछ में पता चला कि विकास सोनकर ने अपने साथियों के साथ मिलकर 16 सितंबर 2025 को महिला अध्यापिका राधिका वर्मा की सोने की चेन छीनी थी। उसी दिन साहूंपुर में अध्यापक देवेन्द्र प्रताप यादव और अध्यापिका कंचन सिंह से सोने की चेन व अंगूठी लूट ली गई थी, जिसमें देवेन्द्र प्रताप यादव की गोली मारकर हत्या की गई थी।

पकड़े गए बदमाश के कब्जे से एक तमंचा .315 बोर, दो खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस, बिना नंबर की सुपर स्प्लेंडर बाइक और लूट की रकम ₹2150 बरामद की गई है। घायल बदमाश का इलाज सदर अस्पताल बलिया में चल रहा है।

बलिया पुलिस ने बताया कि फरार साथी की तलाश के लिए दबिश दी जा रही है और जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

About The Author

Share the News