वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय कैंपस में शराब की खाली बोतलें मिलने से सोमवार को हंगामा खड़ा हो गया। मुक्तांगन परिसर में बोतलें देखने के बाद छात्रों ने मुख्य गेट पर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया और कुलपति से आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
छात्रों ने चीफ प्रॉक्टर समेत प्रशासनिक अधिकारियों और सुरक्षा कर्मियों पर गंभीर आरोप लगाए। मौके पर पहुंचे अधिकारी छात्रों को समझाने में जुटे, लेकिन छात्र देर शाम तक अड़े रहे। इस दौरान प्रोफेसर राजकुमार सोनी को भी वापस लौटना पड़ा।
देर शाम छात्रों का प्रतिनिधिमंडल कुलपति प्रो. वंदना सिंह से मिला। छात्रों ने कुलपति को बताया कि मुक्तांगन परिसर में कथित रूप से कर्मचारियों और सिक्योरिटी गार्ड द्वारा “पार्टी” आयोजित की गई थी, जिसमें शराब परोसी गई। कुछ लोगों ने इसे कर्मचारी संघ के चुनाव के बाद हुई “चुनावी पार्टी” बताया।
कुलपति ने तत्काल वीडियो फुटेज की जांच कराई। फुटेज के आधार पर सुरक्षा सुपरवाइजर ए.के. सिंह को हटाने का आदेश दिया गया और 12 कर्मचारियों को स्पष्टीकरण नोटिस जारी कर दिया गया। इस कार्रवाई से कर्मचारियों में भी हड़कंप मचा हुआ है।
कुलपति के आश्वासन और त्वरित कार्रवाई के बाद छात्रों ने अपना धरना समाप्त किया।

More Stories
वार्षिकोत्सव में निपुण व मेधावी छात्र हुए सम्मानित
मीरजापुर में वन्यजीव तस्करी का भंडाफोड़
योगी सरकार का बड़ा फैसला: सभी कैंटोनमेंट अस्पतालों में मिलेगा आयुष्मान योजना का लाभ