नवरात्रि मेले की तैयारियों पर सख्ती – विंध्याचल में मंडलायुक्त, आईजी और डीएम की मैराथन समीक्षा बैठक

शारदीय नवरात्र मेले की तैयारियों को लेकर विंध्याचल धाम में प्रशासनिक हलचल तेज हो गई है। 12 सितंबर को मंडलायुक्त बालकृष्ण त्रिपाठी, पुलिस महानिरीक्षक आर.पी. सिंह, जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सोमेन बर्मा ने प्रशासनिक भवन में संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर मेले की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की।

सड़क मरम्मत में लापरवाही पर सख्ती
बैठक के दौरान जल निगम नगरीय द्वारा खोदी गई सड़कों की मरम्मत कार्य में सुस्ती पर अधिकारियों ने नाराजगी जताई। मंडलायुक्त और डीएम ने अवर अभियंता व ठेकेदार को सीधे विंध्याचल थाने में बैठाकर कार्य पूरा कराने का निर्देश दिया ताकि सभी कार्य समय पर पूरे हो सकें।

मेले के दौरान सुविधाओं पर फोकस
मंडलायुक्त ने मंदिर परिसर, गंगा घाट, बैरिकेटिंग, पार्किंग स्थल, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और श्रद्धालुओं के बैठने हेतु शेड जैसी प्रमुख व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने त्रिकोण मार्ग, अष्टभुजा पहाड़, मोतिया तालाब से सीता कुंड तक पर्याप्त एलईडी बल्ब लगाने के निर्देश दिए।

सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन पर जोर
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से कहा गया कि भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होनी चाहिए। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाए। गंगा घाट पर स्नान करने आने वाले श्रद्धालुओं के लिए बैरिकेटिंग, लाईफ गार्ड और महिलाओं के वस्त्र बदलने की व्यवस्था समय से पूरी की जाए।

सभी विभागों को समयबद्ध कार्य पूर्ण करने के निर्देश
मंडलायुक्त ने बिजली, पानी, यातायात, चिकित्सीय सुविधाओं समेत सभी विभागों को समय रहते तैयारी पूरी करने के आदेश दिए। उन्होंने विभागीय कार्यालय मेला क्षेत्र में खोलने और कर्मचारियों की सूची मोबाइल नंबर सहित नगर मजिस्ट्रेट और एसएसपी को देने को कहा।

पार्किंग, प्रकाश और सफाई पर विशेष ध्यान
आईजी आर.पी. सिंह ने कहा कि पार्किंग के लाइसेंस देते समय शौचालय, प्रकाश व्यवस्था और रेट लिस्ट बोर्ड लगाना अनिवार्य किया जाए। किसी भी पार्किंग स्थल पर अधिक रेट वसूलने की शिकायत पर सख्त कार्रवाई होगी।

बैठक में रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के लिए पर्याप्त शेड, शौचालय और सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए। बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि/रा) अजय कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक नितेश सिंह, नगर मजिस्ट्रेट विनीत कुमार उपाध्याय, मुख्य चिकित्सा अधिकारी सहित सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

About The Author

Share the News