कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार को निराश्रित गोवंश संरक्षण की समीक्षा बैठक जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। डीएम ने निर्देश दिया कि जनपद में घूमते हुए छुट्टा गोवंश को अभियान चलाकर गौ-आश्रय स्थलों में संरक्षित किया जाए। उन्होंने सख्ती से कहा कि “कोई भी पशु सड़क पर नहीं दिखना चाहिए।”
डीएम ने सभी अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि गौशालाओं में भूसा, हरा चारा और पानी की पूरी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने सेवापूरी के खंड विकास अधिकारी को चार्जशीट जारी करने और एडीओ पंचायत को निलंबित करने का आदेश दिया। उन्होंने कहा कि बिना मौके पर जांच किए समाधान रिपोर्ट भेजना अनुचित है, और भविष्य में ऐसा पाए जाने पर कठोर कार्रवाई होगी।
इसके साथ ही डीएम ने प्रधानमंत्री आवास योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन और मनरेगा कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिया कि “जीरो पावर्टी” में चिन्हित पात्र परिवारों को प्राथमिकता से आवास योजना में शामिल किया जाए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु नागपाल, मुख्य पशुचिकित्सा अधिकारी समेत सभी खंड विकास अधिकारी उपस्थित रहे।

More Stories
वार्षिकोत्सव में निपुण व मेधावी छात्र हुए सम्मानित
मीरजापुर में वन्यजीव तस्करी का भंडाफोड़
योगी सरकार का बड़ा फैसला: सभी कैंटोनमेंट अस्पतालों में मिलेगा आयुष्मान योजना का लाभ