BHU कैंपस में देर रात बवाल: IIT और बिरला हॉस्टल के छात्र भिड़े, डायरेक्टर ऑफिस तक गूंजे नारे

वाराणसी | काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) के कैंपस में रविवार देर रात उस समय माहौल तनावपूर्ण हो गया, जब IIT-BHU और बिरला हॉस्टल के छात्रों के बीच मामूली बहस मारपीट में बदल गई। झड़प में IIT के कुछ छात्रों के घायल होने की सूचना है।

बताया जा रहा है कि विवाद का कारण कैंपस में लगे सुरक्षा बैरियर रहे। देर रात बिरला हॉस्टल के बाहर कहासुनी इतनी बढ़ गई कि दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में छात्र हॉस्टल से बाहर निकल आए और विरोध में सड़क पर उतर आए।

मौके पर भेलूपुर और लंका थाने की पुलिस के साथ प्रॉक्टोरियल बोर्ड की टीम ने पहुंचकर छात्रों को किसी तरह शांत कराया। बावजूद इसके, गुस्साए छात्र देर रात डायरेक्टर ऑफिस के बाहर “बाहर आओ” के नारे लगाते रहे और सुरक्षा की मांग करते दिखे। यह प्रदर्शन भोर तक जारी रहा।

फिलहाल कैंपस में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और प्रशासन ने छात्रों से शांति बनाए रखने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि अनुशासन और सुरक्षा से कोई समझौता नहीं होगा, और दोबारा ऐसी स्थिति बनने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

About The Author

Share the News