वाराणसी में पहली बार मुख्यमंत्री योगी का जनता दर्शन, सर्किट हाउस में आम जनता से हो रही सीधी मुलाक़ात

वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में आज एक ऐतिहासिक पहल हुई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पहली बार गोरखपुर और लखनऊ से बाहर काशी में जनता दर्शन कर रहे हैं। शनिवार सुबह 8 बजे से सीएम योगी सर्किट हाउस में लोगों से सीधे मिल रहे हैं और उनकी समस्याएँ सुन रहे हैं।

इस विशेष कार्यक्रम में लगभग 50 लोग अपनी समस्याएँ रख पा रहे हैं, जिन्हें मुख्यमंत्री तुरंत अधिकारियों को निर्देशित कर समाधान करने का भरोसा दे रहे हैं। आमतौर पर सीएम गोरखपुर में जनता दर्शन करते हैं, जहाँ प्रदेशभर से लोग अपनी फरियाद लेकर पहुँचते हैं। अब वाराणसी में भी यह परंपरा शुरू हो गई है।

राज्यमंत्री रविंद्र जायसवाल ने बताया कि इससे पहले सीएम वाराणसी दौरे पर आते तो केवल जनप्रतिनिधियों और चुनिंदा लोगों से ही बंद कमरे में मुलाक़ात करते थे। लेकिन इस बार आम जनता को भी अपनी बात रखने का अवसर दिया गया है।

जनता दर्शन कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री गाजीपुर जाएंगे, जहाँ वे बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण करेंगे। इसके बाद वे लखनऊ लौटेंगे।

About The Author

Share the News