वाराणसी में बर्ड फ्लू अलर्ट: प्रशासन सतर्क, कंट्रोल रूम स्थापित – पोल्ट्री फार्मर्स को न घबराने की सलाह

वाराणसी। जिले में बर्ड फ्लू (एवियन इन्फ्लूएंजा) की आशंका को लेकर प्रशासन सतर्क हो गया है। रामपुर के एक पोल्ट्री फार्म में बर्ड फ्लू की पुष्टि के बाद सभी पक्षियों को नियमानुसार नष्ट कर दिया गया है। फिलहाल वाराणसी के किसी भी अन्य फार्म पर बीमारी की पुष्टि नहीं हुई है।

प्रशासन की तैयारियां जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक में सतर्कता बढ़ाने के निर्देश दिए गए। इसके क्रम में पशुपालन विभाग ने जनपद में कंट्रोल रूम स्थापित किया है। जानकारी या संदेह की स्थिति में निम्न नंबरों पर तुरंत संपर्क किया जा सकता है: 9305133706, 6387589262, 9936848068

मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. आर.एस. राजपूत ने कहा कि अभी किसी पोल्ट्री फार्मर को घबराने की आवश्यकता नहीं है। विभाग लगातार सभी पोल्ट्री फार्म्स का निरीक्षण कर रहा है। पोल्ट्री के स्वैब और सीरम नमूने एकत्र कर लैब में जांच के लिए भेजे जा रहे हैं।

बर्ड फ्लू के संभावित लक्षण:

  • मुर्गियों की अचानक व बड़ी संख्या में मृत्यु
  • सुस्ती और कम सक्रियता
  • चोंच और पैरों का नीला पड़ना
  • खांसी, छींक और सांस लेने में कठिनाई
  • अंडे देने की दर में कमी
  • आंख, नाक से तरल का निकलना या शरीर पर सूजन

पोल्ट्री फार्मर्स के लिए सावधानियां:
फार्म की स्वच्छता बनाए रखें और कीटाणुनाशक का छिड़काव करें
बाहरी व्यक्तियों का प्रवेश सीमित करें
प्रवेश द्वार पर चूना रखें
नए पक्षियों को कम से कम 2 हफ्ते तक अलग रखें
मास्क, दस्ताने और सैनिटाइज़र का नियमित प्रयोग करें असामान्य मृत्यु की स्थिति में पक्षियों को न छुएं और तुरंत विभाग को सूचना दें

नोडल अधिकारी व संपर्क सूत्र:

  • डॉ. योगेश उपाध्याय (9305133706)
  • बबीता पांडेय (6387589262)
  • सोहराब अली (9936848068)

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध स्थिति या असामान्य लक्षण की जानकारी तुरंत कंट्रोल रूम को दें, ताकि बीमारी पर समय रहते नियंत्रण पाया जा सके।

About The Author

Share the News