वाराणसी। जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने बुधवार को नगर निगम के विस्तारीकरण क्षेत्र में चल रही पेयजल एवं सीवर परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। ट्रांस वरुणा दीनापुर जोन (फेज-1, पार्ट-ए) पेयजल योजना की समीक्षा में अधिशासी अभियंता ने बताया कि ₹171.54 करोड़ की लागत से निर्माणाधीन यह परियोजना अमृत 2.0 कार्यक्रम के तहत स्वीकृत है। वर्तमान में परियोजना की प्रगति लगभग 10% है और इसे सितंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य है। योजना पूर्ण होने पर दीनापुर, सलारपुर, लेकुपुर, सारनाथ और रमदतपुर सहित कुल 20176 घरों को शुद्ध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित होगी।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि शेष शिरोपरि जलाशयों और वितरण प्रणाली का कार्य तेज़ी से आगे बढ़े ताकि समय पर योजना पूरी हो सके।
इसके अलावा, डीएम ने सूजाबाद क्षेत्र में सीवर हाउस कनेक्शन और संबंधित कार्यों का भी निरीक्षण किया। बताया गया कि ₹96.17 करोड़ की लागत से चल रही इस परियोजना की प्रगति 38% है और इसे मई 2026 तक पूरा किया जाएगा। इसके अंतर्गत 09 MLD MPS, 07 MLD STP, 26.89 किमी सीवर नेटवर्क और 3981 सीवर हाउस कनेक्शन प्रस्तावित हैं। अब तक 55% MPS और 25% STP कार्य पूरे हो चुके हैं। योजना पूर्ण होने पर सायर माता और घटवारी माता ड्रेन पूरी तरह टैप्ड होकर 3981 घरों को सीवर लाइन से जोड़ा जाएगा, जिससे प्रदूषण में कमी आएगी।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी कार्यों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा किया जाए।

More Stories
वार्षिकोत्सव में निपुण व मेधावी छात्र हुए सम्मानित
मीरजापुर में वन्यजीव तस्करी का भंडाफोड़
योगी सरकार का बड़ा फैसला: सभी कैंटोनमेंट अस्पतालों में मिलेगा आयुष्मान योजना का लाभ