माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का 2 अगस्त 2025 को वाराणसी में आगमन प्रस्तावित है। सुबह 10:30 बजे से 12:30 बजे तक सेवापुरी के ग्राम बनौली में आयोजित जनसभा में वे शिरकत करेंगे। इस हाई-प्रोफाइल कार्यक्रम को देखते हुए वाराणसी कमिश्नरेट की यातायात पुलिस ने आमजन की सुविधा एवं सुरक्षा के मद्देनजर विस्तृत ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है।
एडवाइजरी के अनुसार, बाबतपुर-कछवा रोड पर भारी वाहनों का आवागमन सुबह 5 बजे से दोपहर 2 बजे तक प्रतिबंधित रहेगा। रैली से जुड़े वाहनों को छोड़कर किसी भी निजी वाहन को बाबतपुर से कपसेठी या कछवा रोड की ओर जाने की अनुमति नहीं होगी। वैकल्पिक मार्गों के रूप में हरहुआ, रिंग रोड और रखौना का उपयोग किया जा सकता है।
कार्यक्रम स्थल के आसपास 10 से अधिक विशिष्ट पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं। VIP, जनप्रतिनिधियों, अधिकारीगण, दिव्यांगजनों एवं आम जनता के वाहनों के लिए रंगीन पास और विशिष्ट मार्ग तय किए गए हैं।
मुख्य सचिव, राज्यपाल, मुख्यमंत्री, डिप्टी सीएम, केंद्रीय व राज्य मंत्री, सांसद और विधायकगण सहित कई उच्चस्तरीय गणमान्य व्यक्ति इस आयोजन में सम्मिलित होंगे। अतः यातायात सुचारू रखने के लिए विशेष प्रबंधन किया गया है।
रैली में शामिल होने वाले आम नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और पुलिस/प्रशासनिक स्टाफ के लिए आठ प्रमुख पार्किंग स्थलों (P-01 से P-08) की व्यवस्था की गई है, जबकि चार रिजर्व पार्किंग (PR-01 से PR-04) भी तैयार रखी गई हैं।
यातायात पुलिस ने QR कोड व गूगल मैप्स लिंक के माध्यम से पार्किंग स्थानों की लोकेशन भी उपलब्ध कराई है।
ट्रैफिक पुलिस की अपील:
जनता से अनुरोध है कि कार्यक्रम के दौरान अनावश्यक रूप से उक्त मार्गों से बचें, वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करें और अतिरिक्त समय लेकर निकलें, ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।
- बाबतपुर–कछवा रोड पर भारी वाहनों पर रोक
- सभी वाहनों के लिए रंग-कोडेड पास और रूट तय
- 12 से अधिक पार्किंग स्थल चिन्हित
- VVIP मूवमेंट के कारण डायवर्जन लागू
- गूगल मैप लोकेशन उपलब्ध

More Stories
वार्षिकोत्सव में निपुण व मेधावी छात्र हुए सम्मानित
मीरजापुर में वन्यजीव तस्करी का भंडाफोड़
योगी सरकार का बड़ा फैसला: सभी कैंटोनमेंट अस्पतालों में मिलेगा आयुष्मान योजना का लाभ