DM का बाढ़ राहत शिविरों पर औचक निरीक्षण, बोले – हर जरूरतमंद तक पहुंचेगी मददसलारपुर राहत शिविर का किया भ्रमण, विस्थापितों से की मुलाकात

वाराणसी। जिले में गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर और उससे प्रभावित हो रहे इलाकों को लेकर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने बुधवार को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों और राहत शिविरों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने प्राथमिक विद्यालय, सलारपुर में संचालित राहत शिविर का दौरा कर विस्थापित परिवारों से बातचीत की और उनकी समस्याएं सुनीं।

“आपदा की घड़ी में प्रशासन आपके साथ है”
डीएम ने प्रभावित लोगों को आश्वासन दिया कि शासन-प्रशासन की पूरी टीम हर जरूरतमंद तक मदद पहुंचाने के लिए तत्पर है। उन्होंने गंगा के बढ़ते जलस्तर का स्वयं अवलोकन किया और नायब तहसीलदार से क्षेत्रीय स्थिति और पूर्व बाढ़ के अनुभवों के आधार पर आवश्यक जानकारी ली।

विद्या विहार इंटर कॉलेज को बनाया जाएगा वैकल्पिक शिविर
अधिकारियों ने जिलाधिकारी को बताया कि यदि जलस्तर और बढ़ता है तो विद्या विहार इंटर कॉलेज को भी राहत शिविर के रूप में उपयोग में लाया जाएगा।

दूसरे-तीसरे मंज़िल पर रह रहे परिवारों की भी चिंता
डीएम ने विशेष रूप से उन परिवारों के लिए चिंता जताई जो अभी ऊपरी मंज़िलों में रह रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को खाद्य सामग्री और ज़रूरी वस्तुएं उनके घर तक पहुंचाने के निर्देश दिए।

राहत शिविरों में व्यवस्थाएं चाक-चौबंद रखने के निर्देश
राहत शिविरों में स्वच्छ पेयजल, भोजन, शौचालय और अन्य मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए एसडीएम सदर को सख्त निर्देश दिए गए। डीएम ने शिविर में रखे गए विस्थापितों के रजिस्टर की भी जांच की।

नगर निगम को दिए विशेष निर्देश
नगर निगम अधिकारियों को राहत शिविरों और आस-पास के क्षेत्रों में साफ-सफाई, फॉगिंग, एंटी-लार्वा छिड़काव और चूना डालने जैसी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

About The Author

Share the News