प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगामी वाराणसी दौरे को लेकर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दो दिवसीय दौरे पर काशी पहुंचे। सोमवार को उन्होंने अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की और साफ निर्देश दिया कि सुरक्षा और अन्य सभी तैयारियां पूरी तरह समयबद्ध और व्यवस्थित ढंग से पूरी की जाएं।
सेवापुरी के बनौली में प्रस्तावित प्रधानमंत्री की जनसभा के लिए आने वाले लोगों को पेयजल, टॉयलेट, पब्लिक एड्रेस सिस्टम जैसी सभी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। मुख्यमंत्री ने ट्रैफिक व्यवस्था पर विशेष जोर देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के रूट पर किसी भी हाल में जाम की स्थिति नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने निर्देशित किया कि महानगर में नियमित स्वच्छता अभियान चलाया जाए और वार्डवार समितियों का गठन कर सफाई सुनिश्चित की जाए। बरसात को ध्यान में रखते हुए सभा स्थल पर विशेष व्यवस्था करने, वरुणा नदी की सफाई, सिंगल यूज प्लास्टिक के प्रयोग पर रोक और पर्यावरणीय मानकों का पालन भी सुनिश्चित करने को कहा गया।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को चेतावनी दी कि माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर सख्ती से कार्रवाई होनी चाहिए और ऐसे तत्वों को पहले ही चिन्हित कर निगरानी में रखा जाए।
समीक्षा बैठक में मंडलायुक्त एस. राजलिंगम और पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने प्रेजेंटेशन के माध्यम से की गई तैयारियों की जानकारी दी। बैठक में राज्य के कई मंत्री, विधायक, वरिष्ठ अधिकारी और पुलिस प्रशासन के शीर्ष अधिकारी मौजूद रहे।
समीक्षा के पश्चात मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्री काशी विश्वनाथ मंदिर और बाबा कालभैरव मंदिर में दर्शन-पूजन कर बाबा का आशीर्वाद प्राप्त किया।

More Stories
वार्षिकोत्सव में निपुण व मेधावी छात्र हुए सम्मानित
मीरजापुर में वन्यजीव तस्करी का भंडाफोड़
योगी सरकार का बड़ा फैसला: सभी कैंटोनमेंट अस्पतालों में मिलेगा आयुष्मान योजना का लाभ