झोपड़ी में लगी आग, गृहस्थी का सामान जलकर खाक

सिंधोरा (वाराणसी)। थाना क्षेत्र के जाठी गांव स्थित हरिजन बस्ती में शुक्रवार दोपहर अचानक लगी आग से एक परिवार की पूरी गृहस्थी जलकर खाक हो गई। घटना से गांव में अफरा-तफरी मच गई और काफी देर तक हड़कंप का माहौल बना रहा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, जाठी गांव निवासी रामअवध राम की झोपड़ी (मड़ई) में अचानक आग लग गई। आग की लपटें उठती देख आसपास के ग्रामीण मौके पर दौड़ पड़े और सामूहिक प्रयास से आग पर काबू पाया। ग्रामीणों की तत्परता से आग को फैलने से तो रोक लिया गया, लेकिन तब तक झोपड़ी पूरी तरह जल चुकी थी।

इस अग्निकांड में घर में रखा अनाज, कपड़े, चारपाई, कुर्सी सहित पूरी गृहस्थी जलकर नष्ट हो गई। घटना के बाद पीड़ित परिवार के सामने रोजमर्रा के जीवन का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।

आग लगने के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल सका है। सूचना मिलने पर ग्राम प्रधान नागेंद्र वर्मा मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने तत्काल लेखपाल को सूचना देकर नुकसान का आकलन कराने और पीड़ित परिवार को सरकारी सहायता दिलाने का आश्वासन दिया।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि पीड़ित परिवार को जल्द से जल्द राहत सामग्री और आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए, ताकि वे इस संकट की घड़ी से उबर सकें।

— रॉयल शाइन टाइम्स

About The Author

Share the News