पिंडरा/वाराणसी।
वाराणसी नगर निगम ने डोर-टू-डोर कूड़ा उठान व्यवस्था में कथित अनियमितताओं को गंभीरता से लेते हुए सख्त कदम उठाया है। महापौर अशोक कुमार तिवारी ने कूड़ा उठान कार्य कर रही संस्था वाराणसी वेस्ट सॉल्यूशन के कार्य और भुगतान में गड़बड़ी के आरोपों की जांच के लिए पांच सदस्यीय समिति का गठन कर दिया है।
इस समिति की अध्यक्षता उपसभापति नरसिंह दास करेंगे। समिति में पार्षद सुरेश कुमार चौरसिया, अमरदेव यादव, हनुमान प्रसाद और मदन मोहन दुबे को शामिल किया गया है। महापौर ने समिति को एक सप्ताह के भीतर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
दरअसल, 22 मार्च को हुई नगर निगम सदन की बैठक में पार्षदों ने कूड़ा उठान व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए थे। उनका आरोप था कि निर्धारित बजट से अधिक भुगतान किया जा रहा है, जबकि जमीनी स्तर पर सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं है। अधिकारियों से जवाब मांगे जाने के बावजूद पार्षद संतुष्ट नहीं हुए, जिससे निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए महापौर ने जांच पूरी होने तक संबंधित संस्था के सभी नए भुगतान पर रोक लगाने का आदेश दिया है।
महापौर अशोक कुमार तिवारी ने कहा कि नगर निगम की छवि और जनता के धन का सही उपयोग सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कूड़ा उठान में किसी भी प्रकार की वित्तीय अनियमितता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इस कार्रवाई के बाद नगर निगम की पारदर्शिता और जवाबदेही को लेकर एक सख्त संदेश गया है। अब सभी की निगाहें जांच समिति की रिपोर्ट पर टिकी हैं, जो पूरे मामले की सच्चाई सामने लाएगी।

More Stories
विश्व टीबी दिवस पर पिंडरा के रसूलपुर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
वंडर बॉक्स प्रशिक्षण संपन्न, खेल-खेल में सीखेंगे बाल वाटिका के बच्चे
दालमंडी चौड़ीकरण को रफ्तार: 27 मार्च से फिर चलेगा बुलडोजर, भवन खाली करने की मुनादी