एवं की शैक्षिक यात्रा

पिंडरा।
“शैक्षिक भ्रमण स्थायी अधिगम के द्वार खोलता है” — इसी उद्देश्य के साथ पिंडरा विकास खंड के कंपोजिट स्कूल रमईपट्टी के छात्रों को भौगोलिक एवं ऐतिहासिक स्थलों का शैक्षिक भ्रमण कराया गया। प्रधानाध्यापक क्षितिश कुमार दीक्षित के नेतृत्व में छात्र-छात्राओं ने विंढम फॉल एवं सीतामढ़ी धाम का भ्रमण कर प्रकृति और इतिहास से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्राप्त कीं।

विद्यालय के स्टेट अवॉर्डी शिक्षक कमलेश कुमार पांडे ने बताया कि इस भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को पुस्तकीय ज्ञान के साथ-साथ प्रकृति, पर्यावरण और इतिहास का व्यावहारिक अनुभव प्रदान करना था। विंढम फॉल पर ऊँचाई से गिरता जलप्रपात, चारों ओर फैली हरियाली और स्वच्छ वातावरण ने छात्रों को मंत्रमुग्ध कर दिया। विद्यार्थियों ने जल संरक्षण एवं पर्यावरण संतुलन के महत्व को प्रत्यक्ष रूप से समझा।

इसके पश्चात शैक्षिक दल सीतामढ़ी धाम पहुँचा, जो धार्मिक एवं ऐतिहासिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण स्थल माना जाता है। यहाँ माता सीता से जुड़ी अनेक पौराणिक कथाएँ प्रचलित हैं। विज्ञान शिक्षक धर्मराज सिंह ने छात्रों को इस स्थल से संबंधित ऐतिहासिक तथ्यों एवं सांस्कृतिक महत्व की जानकारी दी। वहीं शिक्षक सुजीत पांडे ने प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।

छात्रों ने इस शैक्षिक भ्रमण को ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक बताया। उनका कहना था कि इस यात्रा ने न केवल उनके ज्ञान में वृद्धि की, बल्कि प्रकृति के प्रति प्रेम और संरक्षण की भावना को भी सुदृढ़ किया।

विद्यालय परिवार ने इस तरह के शैक्षिक कार्यक्रमों को आगे भी निरंतर आयोजित करने का संकल्प लिया, ताकि छात्रों का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो सके।

About The Author

Share the News