बड़ागांव, वाराणसी।
टेट (TET) अनिवार्यता के विरोध में शिक्षकों का आंदोलन लगातार जोर पकड़ता जा रहा है। बुधवार को आंदोलन के तीसरे दिन भी विकास क्षेत्र बड़ागांव के शिक्षकों ने काली पट्टी बांधकर शिक्षण कार्य करते हुए अपना विरोध दर्ज कराया।
उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष अजय तिवारी के नेतृत्व में शिक्षकों ने सरकार के निर्णय के खिलाफ एकजुटता दिखाई। प्रदर्शन कर रहे शिक्षकों का कहना है कि टेट अनिवार्यता का निर्णय उनके हितों के प्रतिकूल है और इससे कार्यरत शिक्षकों के भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार शीघ्र ही सकारात्मक निर्णय नहीं लेती, तो शिक्षक आर-पार की लड़ाई के लिए बाध्य होंगे।
इस आंदोलन को और व्यापक रूप देने के लिए टीचर फेडरेशन ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. दिनेश चंद्र शर्मा के आह्वान पर 26 फरवरी को दोपहर 1 बजे से 4 बजे तक जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय, वाराणसी पर विशाल धरना-प्रदर्शन का आयोजन किया जाएगा। इसमें जनपद के विभिन्न ब्लॉकों से बड़ी संख्या में शिक्षकों के शामिल होने की संभावना है।
विरोध प्रदर्शन में प्राथमिक विद्यालय बसनी, रघुनाथपुर द्वितीय, पीएमश्री कंपोजिट विद्यालय बड़ागांव, रतनपुर, चंगवार, फत्तेपुर, हीरामनपुर सहित कई विद्यालयों के अध्यापकों ने अपने-अपने विद्यालयों में काली पट्टी बांधकर आंदोलन में सहभागिता की।
शिक्षकों ने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया जाएगा, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
रिपोर्ट: रॉयल शाइन टाइम्स ब्यूरो, वाराणसी

More Stories
🐄 शहंशाहपुर गौशाला का निरीक्षण: नगर आयुक्त ने दिए सख्त निर्देश, मॉडल गौशाला बनाने की पहल
यूपी उपचुनाव 2026: 3 सीटें, सेमीफाइनल की जंग और बदलता सियासी समीकरण
एवं की शैक्षिक यात्रा