बांग्लादेश में हिंदुओं पर अत्याचार के विरोध में NSUI की धर्म रक्षा यात्रा, प्रशासन ने रोका

वाराणसी।
बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे कथित अत्याचार के विरोध में आज दिनांक 22 दिसंबर 2025 को काशी विद्यापीठ से भारत माता मंदिर के प्रांगण तक प्रस्तावित धर्म रक्षा यात्रा का आयोजन एनएसयूआई पूर्वी उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष ऋषभ पांडेय के नेतृत्व में किया गया। हालांकि जिला प्रशासन द्वारा काशी विद्यापीठ का मुख्य गेट बंद कर यात्रा को बलपूर्वक रोक दिया गया, जिससे मौके पर एनएसयूआई कार्यकर्ताओं और प्रशासन के बीच तीखी नोक-झोंक देखने को मिली।

इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष ऋषभ पांडेय ने कहा कि भारत हो या बांग्लादेश, धर्म के नाम पर मॉब लिंचिंग और हिंसक घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जो बेहद घृणित और निंदनीय हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचारों को लेकर केंद्र की भाजपा सरकार चुप्पी साधे हुए है, जबकि देश के भीतर हिंदुत्व के नाम पर झूठी राजनीति की जा रही है और मुस्लिम तुष्टीकरण का आरोप लगाकर समाज को बांटने का काम किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि एनएसयूआई धर्म, लोकतंत्र और मानवाधिकारों की रक्षा के लिए हमेशा आवाज उठाती रहेगी और किसी भी प्रकार के अन्याय के खिलाफ संघर्ष जारी रहेगा।

कार्यक्रम में प्रमुख रूप से युथ कांग्रेस सचिव कुंवर यादव, जिलाध्यक्ष शशांक शेखर, सुमित सिंह, नवीन चौबे, रोनिक सोनकर, आशु पांडेय, जतीन पटेल, गौतम शर्मा, हिमांशु पांडेय, आदर्श सोनकर, राघवेंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में एनएसयूआई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

About The Author

Share the News