देवरिया।
स्पेशल टास्क फोर्स उत्तर प्रदेश और देवरिया पुलिस की संयुक्त टीम ने शनिवार देर रात एक बड़े अपहरण एवं फिरौती रैकेट का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। महदहां मोड़ के पास रात करीब 00:30 बजे हुई मुठभेड़ में गिरोह का एक सदस्य घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज देवरिया रेफर किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हिमांशु उर्फ गोविन्द यादव (मिर्जापुर), मंजीत यादव (ताजपुर, मऊ) और नितेश यादव (बरवा, महुआडीह) के रूप में हुई है। STF के अनुसार गिरोह बड़े व्यापारियों को अगवा कर पाँच करोड़ रुपये की फिरौती वसूलने की योजना बना रहा था। फिरौती की रकम क्रिप्टोकरेंसी के माध्यम से लेने तथा पीड़ित को नेपाल भेजने की साज़िश भी रची गई थी।
भारी असलहा और वाहन बरामद
कार्रवाई के दौरान पुलिस को
– दो अवैध पिस्टल (32 बोर)
– दो मैगज़ीन, जिंदा और खोखा कारतूस
– दो देसी तमंचे (315 बोर)
– बड़ी संख्या में जिंदा कारतूस
– बुलेट मोटरसाइकिल
बरामद हुई।
घटनास्थल से एक स्विफ्ट डिजायर कार भी भागती मिली, जिसके संबंध में पुलिस जांच कर रही है।
गिरोह का बड़ा नेटवर्क उजागर
पूछताछ में सामने आया कि यह एक संगठित गिरोह है, जिसके सदस्य अपहरण स्थल, फिरौती वितरण और परिवहन व्यवस्था तक की रूपरेखा पूर्व से तय कर चुके थे। भागे हुए आरोपियों की पहचान कर पुलिस दबिश दे रही है।
हिमांशु के खिलाफ लूट, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट व गैंगस्टर एक्ट सहित कई गंभीर मामले पूर्व से दर्ज पाए गए हैं। मंजीत और नितेश के खिलाफ भी संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
FIR दर्ज
मामले में थाना सलेमपुर में मुकदमा संख्या 369/2025, धारा 190, 109(1), 61(2) BNS व 3/25/27 आर्म्स एक्ट के तहत FIR दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

More Stories
वार्षिकोत्सव में निपुण व मेधावी छात्र हुए सम्मानित
मीरजापुर में वन्यजीव तस्करी का भंडाफोड़
योगी सरकार का बड़ा फैसला: सभी कैंटोनमेंट अस्पतालों में मिलेगा आयुष्मान योजना का लाभ