जौनपुर। बक्शा थाना क्षेत्र के प्रयागराज मार्ग स्थित फतेहगंज बाजार के पास मंगलवार की रात करीब 12 बजे हुए भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा तब हुआ जब एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने सामने से आ रहे भूसा लदी ट्रैक्टर-ट्राली को जोरदार टक्कर मार दी।
लाइनबाजार थाना क्षेत्र के कंधरपुर गांव निवासी संदीप सरोज की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है। संदीप ने बताया कि उनके पिता बेचू सरोज (43) अपने भाई जितेन्द्र सरोज (20) के साथ सुजानगंज से जौनपुर की ओर ट्रैक्टर-ट्राली पर पुआल का भूसा लादकर आ रहे थे। ट्रैक्टर को सुजानगंज के साड़ी कला सरायभोगी गांव निवासी विनोद उपाध्याय (45) चला रहे थे।
फतेहगंज बाजार के पास सामने से आ रहे ट्रेलर ने तेज रफ्तार और लापरवाही से ट्रैक्टर में टक्कर मार दी, जिससे ट्रैक्टर सड़क पर पलटकर क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष विक्रम लक्ष्मण सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जेसीबी की मदद से सड़क से वाहनों को हटवाकर आवागमन बहाल कराया। तीनों घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने चालक विनोद उपाध्याय को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल बेचू सरोज को ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में उनकी भी मौत हो गई। घायल जितेन्द्र का उपचार प्राइवेट अस्पताल में जारी है।
पुलिस ने ट्रेलर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

More Stories
वार्षिकोत्सव में निपुण व मेधावी छात्र हुए सम्मानित
मीरजापुर में वन्यजीव तस्करी का भंडाफोड़
योगी सरकार का बड़ा फैसला: सभी कैंटोनमेंट अस्पतालों में मिलेगा आयुष्मान योजना का लाभ