वाराणसी में वेंडिंग जोन और पार्किंग व्यवस्था को लेकर पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल की बड़ी बैठक

वाराणसी पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल की अध्यक्षता में आज कैंप कार्यालय में पुलिस अधिकारियों, नगर निगम और स्मार्ट सिटी अधिकारियों की संयुक्त बैठक आयोजित हुई।
बैठक में नगर निगम द्वारा प्रस्तावित 43 स्थलों में से 23 पर सहमति बनी, साथ ही पुलिस अधिकारियों के 12 अतिरिक्त सुझाव शामिल कर कुल 35 स्थानों को वेंडिंग जोन के लिए चिन्हित किया गया।

इसके साथ ही 20 संभावित पार्किंग स्थलों पर भी चर्चा की गई, जिससे शहरवासियों को सुविधा मिले और यातायात व्यवस्था सुगम हो।
निर्णय लिया गया कि वेंडिंग जोन केवल विस्तृत सर्वे के आधार पर ही तय किए जाएं, अस्थायी स्वरूप में स्थापित हों और हर 6 माह में समीक्षा की जाए। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया कि वेंडिंग जोन उन्हीं स्थानों पर होंगे जहां पर्याप्त पार्किंग उपलब्ध हो, जबकि मुख्य सड़कों पर इन्हें अनुमति नहीं दी जाएगी।

पुलिस आयुक्त के निर्देशों पर हुई कार्यवाही

  • सुन्दरपुर मछली मंडी को हटवाकर क्षेत्र को साफ कराया गया, इस दौरान 6 अभियोग पंजीकृत हुए और 4 लोगों को गिरफ्तार किया गया।
  • भेलूपुर स्थित ब्रॉडवे होटल के पास बिना अनुमति सड़क मरम्मत कर यातायात बाधित करने पर ठेकेदार सहित 3 लोगों को गिरफ्तार किया गया।
  • रथयात्रा से गुरुबाग तक सड़क के गड्ढों को भरवाकर मार्ग को सुचारु कराया गया।

बैठक में अपर पुलिस आयुक्त (मुख्यालय एवं कानून-व्यवस्था) शिवहरी मीणा, नगर आयुक्त अक्षत वर्मा, समस्त पुलिस उपायुक्त, अपर पुलिस उपायुक्त, सहायक पुलिस आयुक्त, नगर निगम और स्मार्ट सिटी के अधिकारी उपस्थित रहे।

About The Author

Share the News