अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था पर सख्त पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल, दिए कड़े निर्देश

पुलिस आयुक्त वाराणसी मोहित अग्रवाल ने सोमवार को राजपत्रित अधिकारियों और थाना प्रभारियों संग कैम्प कार्यालय में बैठक कर अपराध नियंत्रण एवं कानून-व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने के लिए कई अहम दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में महिला अपराधों के विरुद्ध शून्य सहनशीलता (Zero Tolerance) अपनाने और नाबालिग गुमशुदगी के मामलों में तत्काल एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने पुलिसिंग के तौर-तरीकों में सकारात्मक बदलाव पर भी जोर दिया।

जनशिकायतों के समयबद्ध निस्तारण हेतु IGRS पोर्टल, तहसील दिवस और थाना दिवस पर राजस्व व पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा मौके पर जाकर निरीक्षण करने और थाना प्रभारी द्वारा रिपोर्ट संस्तुति अनिवार्य की गई।

यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस आयुक्त ने सख्ती दिखाते हुए कहा कि सड़क निर्माण/मरम्मत में लापरवाही करने वाले ठेकेदारों पर अभियोग दर्ज कर जेल भेजा जाएगा। वहीं मॉल के बाहर अव्यवस्थित पार्किंग पाए जाने पर संबंधित मॉल बंद कराया जाएगा। अतिक्रमण और अवैध वेंडिंग जोन पर भी सख्त कार्रवाई होगी।

ऑपरेशन चक्रव्यूह और रात्रि चेकिंग को मजबूत बनाने के लिए थानों की 20% फोर्स का नियमित उपयोग और त्रिस्तरीय निगरानी व्यवस्था लागू करने को कहा गया।

साइबर अपराध नियंत्रण पर विशेष ध्यान देते हुए उन्होंने NCRP पर प्राप्त शिकायतों का शीघ्र निस्तारण, POS सिम कार्ड की समीक्षा व फर्जी दस्तावेज़ पर जारी कार्ड रद्द करने, साइबर स्लेवरी व विदेशी धन प्रकरणों पर त्वरित कार्रवाई और बैंकों को सख्त KYC जाँच करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी पुलिसकर्मियों को जल्द से जल्द CyTrain (साइबर ट्रेनिंग) कोर्स पूर्ण करने को कहा।

आगामी त्योहारों को देखते हुए सतर्कता और सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने के भी निर्देश जारी किए गए।

बैठक में अपर पुलिस आयुक्त (मुख्यालय एवं कानून-व्यवस्था) शिवहरी मीणा, अपर पुलिस आयुक्त अपराध राजेश सिंह सहित सभी राजपत्रित अधिकारी एवं थाना प्रभारी उपस्थित रहे।

About The Author

Share the News