वाराणसी पुलिस ने चौबेपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सिंहवार में हुई युवक की हत्या का सफल अनावरण कर दिया है। पुलिस ने “ऑपरेशन चक्रव्यूह” के तहत इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त आलाकत्ल बरामद कर लिया।
मामला क्या है?
28 अगस्त 2025 की रात करीब 11 बजे सिंहवार गांव निवासी अनिल भारती (28 वर्ष) अपने घर के पास पाही पर सो रहा था। उसी दौरान किसी ने धारदार हथियार से उसका गला काट दिया। घायल अवस्था में परिजनों ने उसे पुलिस की मदद से दीनदयाल अस्पताल पहुँचाया, जहाँ डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना पर चौबेपुर थाने में मुकदमा संख्या-571/2025 धारा 103(1) बीएनएस दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस की कार्रवाई
थाना चौबेपुर पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर 31 अगस्त 2025 की रात लगभग 11:50 बजे गौरा अंडरपास से वांछित आरोपी सिरजू (40 वर्ष), पुत्र मिठाई लाल, निवासी ग्राम सिंहवार को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लोहे का हसिया (चापड़) भी बरामद किया गया।
हत्या की वजह
पूछताछ में सिरजू ने बताया कि उसकी अपने भतीजे अनिल भारती के परिवार से जमीनी विवाद चल रहा था। साथ ही उसने आरोप लगाया कि अनिल उसकी पत्नी पर भी गलत नीयत रखता था। इसी रंजिश के चलते उसने अनिल की गर्दन पर हसिया से हमला कर उसकी हत्या कर दी।
पुलिस का बयान
अधिकारियों ने बताया कि यह गिरफ्तारी वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट के अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा है। हत्या के मामले में अब आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

More Stories
वार्षिकोत्सव में निपुण व मेधावी छात्र हुए सम्मानित
मीरजापुर में वन्यजीव तस्करी का भंडाफोड़
योगी सरकार का बड़ा फैसला: सभी कैंटोनमेंट अस्पतालों में मिलेगा आयुष्मान योजना का लाभ