वाराणसी में भीषण सड़क हादसा: स्कॉर्पियो-ऑटो टक्कर में चालक की मौत, नशे में धुत ड्राइवर गिरफ्तार

वाराणसी। सर्किट हाउस–भोजूबीर मार्ग पर सोमवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में ऑटो चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने सवारियां लेकर जा रहे ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो पूरी तरह स्कॉर्पियो में समा गया और यात्री इधर-उधर गिर पड़े।

घटना में गंभीर रूप से घायल महिला सविता भारती (40) को बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया, जबकि नरेंद्र कुमार (40), राहुल (25) और आनंद (55) का इलाज दीनदयाल अस्पताल में जारी है। मृत ऑटो चालक की पहचान टोटो नंबर के आधार पर की जा रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार स्कॉर्पियो चालक शराब के नशे में धुत था और लापरवाही से वाहन चला रहा था। दुर्घटना के बाद गुस्साए लोगों ने आरोपी की जमकर पिटाई कर दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने चालक अखिलेश कुमार, निवासी अनपरा (सोनभद्र), और उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया। उनके खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने, नशे में ड्राइविंग और जानलेवा दुर्घटना का मुकदमा दर्ज किया गया है।

हादसे के बाद सड़क पर अफरा-तफरी मच गई और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। भीड़ को नियंत्रित करने और यातायात बहाल करने में पुलिस को खासी मशक्कत करनी पड़ी। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तेज रफ्तार व शराब के नशे में वाहन चलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

About The Author

Share the News