काशी नरेश की पुत्रियों की जमीन पर कब्जे की कोशिश नाकाम, पुलिस ने जेसीबी जब्त की

वाराणसी | महाराज बनारस विभूति नारायण सिंह की पुत्रियों की जमीन पर अवैध कब्जे की कोशिश शनिवार देर रात नाकाम हो गई। रामनगर से सटे कटेसर गांव में लगभग 52 बीघा जमीन पर कुछ लोगों ने जेसीबी मशीन लगाकर खुदाई शुरू कर दी थी।

सूचना पर राजकुमारी विष्णु प्रिया के परिजन और कर्मचारी मौके पर पहुंचे। उनकी मौजूदगी देखते ही कब्जा करने आए लोग जेसीबी छोड़कर फरार हो गए। तत्काल 112 नंबर डायल कर पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची चंदौली पुलिस ने जेसीबी को जब्त कर लिया।

राजकुमारी विष्णु प्रिया की तहरीर
मुगलसराय थाने में दर्ज कराई गई तहरीर में महाराज कुमारी विष्णु प्रिया ने बताया कि उन्हें और उनकी बहनों कृष्ण प्रिया एवं हरि प्रिया को मौजा कटेसर, परगना राल्हूपुर, तहसील सदर, वाराणसी में यह जमीन दी गई है। भूमाफिया 15 अगस्त की रात 11 बजे जेसीबी लगाकर कब्जा करने की कोशिश कर रहे थे।

उन्होंने पुलिस से मांग की है कि भूमाफियाओं पर कड़ी कार्रवाई की जाए और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। साथ ही चेतावनी दी कि यदि समय पर जानकारी नहीं मिलती तो भूमाफिया जमीन पर कब्जा कर लेते।

पुलिस ने फिलहाल जेसीबी जब्त कर ली है और तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

यह प्रकरण क्षेत्र में भूमि माफियाओं की सक्रिय गतिविधियों एवं विधि-व्यवस्था की प्रभावशीलता पर गंभीर प्रश्नचिन्ह प्रस्तुत करता है।

About The Author

Share the News