वाराणसी-शाइन सिटी के सीएमडी राशिद नसीम को वाराणसी के सीजेएम कोर्ट से फरार घोषित किया गया है। ईओडब्ल्यू वाराणसी की टीम ने फरारी का नोटिस करेली (प्रयागराज) के जीटीबी नगर स्थित राशिद नसीम के आवास, सार्वजनिक स्थल और कोर्ट के गेट पर चस्पा कराया। एक महीने में हाजिर न होने पर संपत्ति कुर्क की जाएगी। राशिद को 12 मुकदमों की विवेचना के क्रम में फरार घोषित किया गया है।
जांचकर्ता ईओडब्ल्यू के पुलिस उपाधीक्षक महेश पांडेय की ओर से वाराणसी के कैंट थाने में दर्ज नौ मुकदमे, निरीक्षक विजय प्रकाश यादव की ओर से कैंट, शक्तिनगर, सोनभद्र थाने में दर्ज एक-एक केस की विवेचना के क्रम में कोर्ट के आदेश पर मुनादी कराई गई। डुगडुगी बजवाकर नोटिस चस्पा किया गया। इसके बाद राशिद एक माह के अंदर कोर्ट में हाजिर नहीं होता तो उसकी संपत्ति कुर्क की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक ईओडब्ल्यू के पीआरओ निरीक्षक सुनील कुमार वर्मा ने बताया कि राशिद के खिलाफ वाराणसी समेत लखनऊ, इलाहाबाद में लगभग 550 मुकदमे पंजीकृत हैं। वाराणसी के कैंट, सिगरा, मंडुवाडीह और रोहनिया में 100 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।
शाइन सिटी का सीएमडी कोर्ट से फरार घोषित
Vivek Kumar
Wed, Mar 19, 2025
6 Views