वाराणसी। चौबेपुर थाना पुलिस ने प्राणघातक हमले के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक बाल अपचारी को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त के निर्देश पर चलाए जा रहे अपराधियों की गिरफ्तारी अभियान के तहत की गई।
पुलिस के अनुसार, दिनांक 17 अप्रैल 2026 को पीड़ित पक्ष द्वारा शिकायत दी गई थी कि विपक्षीगण ने उसके जीजा के साथ गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों और रॉड से मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी दी। इस मामले में थाना चौबेपुर में मु०अ०सं० 0188/2026 के तहत धारा 115(2), 352, 351(3), 110 बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया।
इसी क्रम में 19 अप्रैल 2026 को मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने ग्राम गौरडीह में दबिश देकर दो नामजद अभियुक्तों—पारसनाथ तिवारी (65 वर्ष) और पिन्टू तिवारी उर्फ मुकेश तिवारी (41 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही एक 17 वर्षीय बाल अपचारी को भी अभिरक्षा में लिया गया।
पुलिस ने बताया कि तीनों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक शिवप्रकाश वर्मा द्वारा की जा रही है।
गिरफ्तारी टीम में उपनिरीक्षक शिवप्रकाश वर्मा और कांस्टेबल शशि कुमार सरोज शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।