वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 29 अप्रैल को वाराणसी आगमन और वीआईपी मूवमेंट को देखते हुए यातायात पुलिस कमिश्नरेट ने विशेष ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। बाबतपुर एयरपोर्ट से शहर तक कई मार्गों पर डायवर्जन लागू रहेगा। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यात्रा से पहले रूट की जानकारी लेकर ही निकलें।
एडवाइजरी के अनुसार, पीएम आगमन से दो घंटे पहले बाबतपुर चौकी तिराहा से भारी वाहनों और बसों का शहर में प्रवेश बंद रहेगा। ऐसे वाहनों को बड़ागांव की ओर मोड़ा जाएगा। बाबतपुर से हरहुआ के बीच भी भारी वाहनों का संचालन रोका जाएगा, जिन्हें रिंग रोड, परमपुर अंडरपास और लोहता मार्ग से भेजा जाएगा।
भिखारीपुर की ओर जाने वाली रोडवेज और निजी बसों को मोहनसराय व डाफी की ओर डायवर्ट किया जाएगा। सुबह 6 बजे से 10 बजे तक पड़ाव और सूजाबाद की तरफ से मालवाहक वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
वीआईपी मूवमेंट के दौरान भेलखा हनुमान मंदिर से गिलट बाजार, मुड़ैला, चांदपुर, लहरतारा, रथयात्रा, मण्डुवाडीह और ककरमत्ता मार्गों पर यातायात रोका या मोड़ा जाएगा। विशेश्वरगंज से मैदागिन और सोनारपुरा से गोदौलिया की ओर चार पहिया वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा।
अंधरापुल, मलदहिया और मरीमाई तिराहा से लहुराबीर जाने वाले वाहनों को वैकल्पिक मार्गों पर भेजा जाएगा। वहीं बीएलडब्ल्यू परिसर, गेस्ट हाउस रोड और सिनेमा हॉल तिराहा क्षेत्र में पूर्ण डायवर्जन लागू रहेगा।
यातायात पुलिस ने आमजन से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि असुविधा से बचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और निर्देशों का पालन करें।