वाराणसी। अहिल्याबाई घाट पर सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब गंगा स्नान के दौरान तीन युवक अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। घाट पर मौजूद लोगों ने शोर मचाया, जिसके बाद मौके पर तैनात जल पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू की।
जल पुलिस के आरक्षी कुमार गौरव ने सूझबूझ और बहादुरी का परिचय देते हुए बिना देर किए गंगा में छलांग लगाई और रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। उनकी तत्परता से तीनों युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। बताया जा रहा है कि सभी युवक मुजफ्फरपुर (बिहार) के निवासी हैं और स्नान के दौरान अचानक गहराई में चले गए थे।
घटना के बाद घाट पर मौजूद श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली और जल पुलिस के इस सराहनीय कार्य की जमकर प्रशंसा की। समय रहते की गई इस कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया।
वाराणसी पुलिस की सतर्कता और त्वरित प्रतिक्रिया एक बार फिर लोगों के लिए जीवन रक्षक साबित हुई है।