वाराणसी (चोलापुर)। चोलापुर थाना क्षेत्र के नेहिया गांव में झंडा लगाने को लेकर शुक्रवार को हुए विवाद के बाद शनिवार को हालात पूरी तरह नियंत्रण में रहे। प्रशासन और पुलिस की मुस्तैदी के चलते गांव में शांति व्यवस्था कायम है। एहतियातन शनिवार सुबह से ही सात थानों की भारी पुलिस फोर्स गांव में तैनात कर दी गई, जिससे पूरे इलाके में सुरक्षा का कड़ा पहरा बना रहा।
शुक्रवार की घटना में एसीपी वरुणा सहित कुछ पुलिसकर्मी घायल हो गए थे। इसी को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी है। चोलापुर, लालपुर, सारनाथ, शिवपुर और मंडुवाडीह समेत कुल सात थानों की पुलिस दिनभर गांव के चप्पे-चप्पे पर तैनात रही।
स्थिति का जायजा लेने के लिए एडीसीपी (वरुणा) लिपि नागयाच, प्रशिक्षु आईपीएस मानसी दहिया और नायब तहसीलदार (पिंडरा) ने मौके का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए ग्रामीणों से शांति बनाए रखने की अपील की।
चोलापुर थाने की प्रभारी एवं प्रशिक्षु आईपीएस मानसी दहिया ने बताया कि उपद्रवियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी है। अब तक अजीत, प्रदीप, निखिल और राजकुमार नामक चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
उन्होंने यह भी बताया कि अन्य आरोपियों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज और वीडियो रिकॉर्डिंग खंगाली जा रही है। चिन्हित उपद्रवियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।