प्रयागराज/वाराणसी। पूर्वांचल में पहली बार किसी स्थानीय अपराधी के खिलाफ इंटरपोल ने रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया है। अंतरराष्ट्रीय कफ सिरप तस्करी के आरोपी शुभम जायसवाल अब वैश्विक अपराधियों की सूची में शामिल हो गया है। इससे पहले अंडरवर्ल्ड डॉन अबू सलेम और अरबों की जमीन घोटाले के आरोपी राशिद नसीम का नाम ही इस श्रेणी में सामने आया था।
सूत्रों के अनुसार, कमिश्नरेट पुलिस और सीबीआई की संयुक्त पैरवी के आधार पर इंटरपोल ने शुभम जायसवाल के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया है। इस कार्रवाई के बाद दुबई में छिपे आरोपी की गिरफ्तारी का रास्ता साफ हो गया है। माना जा रहा है कि जल्द ही अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों की मदद से उसे गिरफ्तार कर भारत लाया जा सकता है।
पूर्वांचल के अपराध इतिहास में यह पहली घटना है जब किसी तस्कर के खिलाफ इंटरपोल स्तर पर कार्रवाई हुई है। इससे पहले वर्ष 2002 में मुंबई पुलिस और सीबीआई के प्रयासों से 1993 मुंबई बम विस्फोट के आरोपी अंडरवर्ल्ड डॉन अबू सलेम के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी हुआ था। बाद में उसे पुर्तगाल से गिरफ्तार कर भारत लाया गया, जहां वह वर्तमान में नासिक सेंट्रल जेल में आजीवन कारावास की सजा काट रहा है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शुभम जायसवाल लंबे समय से अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क के जरिए अवैध कफ सिरप तस्करी में संलिप्त था और जांच एजेंसियों की निगाह में था। रेड कॉर्नर नोटिस जारी होने के बाद अब उसकी गिरफ्तारी की प्रक्रिया तेज हो गई है।
यह कार्रवाई न केवल पूर्वांचल बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश में संगठित अपराध के खिलाफ एक बड़ा संदेश मानी जा रही है।