देवरिया। जनपद में गुरुवार को पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने स्पा सेंटरों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए ताबड़तोड़ छापेमारी की। इस दौरान कई स्थानों से युवक-युवतियों को संदिग्ध परिस्थितियों में हिरासत में लिया गया। अभियान मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में CO सदर संजय रेड्डी और कोतवाली प्रभारी राकेश कुमार राय के नेतृत्व में चलाया गया।
टीम ने देवरिया-गोरखपुर रोड और रुद्रपुर मोड़ समेत विभिन्न इलाकों में एक साथ दबिश दी। पुलिस के अनुसार, इन स्पा सेंटरों के खिलाफ लंबे समय से संदिग्ध गतिविधियों की शिकायतें मिल रही थीं, जिसके आधार पर यह कार्रवाई की गई।
छापेमारी के दौरान रिलैक्स स्पा सलून सेंटर सहित कई अन्य स्पा सेंटरों की गहन जांच की गई। पुलिस को कई जगह युवक-युवतियां आपत्तिजनक स्थिति में मिले, जिन्हें पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। सूत्रों के मुताबिक, कुछ स्थानों से आपत्तिजनक सामग्री मिलने की भी बात सामने आई है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि स्पा सेंटरों की आड़ में अवैध गतिविधियां संचालित की जा रही थीं। हिरासत में लिए गए सभी लोगों से पूछताछ जारी है और उनके बयान दर्ज किए जा रहे हैं। साथ ही, संबंधित स्पा सेंटर संचालकों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने साफ किया है कि जनपद में अवैध और अनैतिक गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। जांच के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।