सेवापुरी, वाराणसी।
विकास खंड सेवापुरी क्षेत्र के ग्राम सभा लखनसेनपुर स्थित सर्वोदय इंटर कॉलेज में रविवार को प्रबंध समिति की बैठक एवं चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। चुनाव अधिकारी प्यारे लाल यादव तथा पर्यवेक्षक एवं जिला विद्यालय निरीक्षक राजन सिंह की देखरेख में 41 सदस्यीय समिति के साथ बैठक आयोजित की गई।
बैठक के दौरान प्रबंध समिति के गठन को लेकर सदस्यों के बीच विस्तृत विचार-विमर्श किया गया, जिसके उपरांत सर्वसम्मति से चुनाव प्रक्रिया पूर्ण कराई गई। चुनाव में लालचंद शर्मा को प्रबंध समिति का अध्यक्ष तथा शिवमोहन पटेल को प्रबंधक निर्वाचित किया गया।
चुनाव परिणाम घोषित होते ही उपस्थित सदस्यों ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष एवं प्रबंधक का फूल-मालाओं से स्वागत कर उन्हें शुभकामनाएं दीं।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष लालचंद शर्मा ने कहा कि उन्हें सौंपी गई जिम्मेदारी को वह पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ निभाते हुए विद्यालय के विकास एवं शिक्षा की गुणवत्ता को बेहतर बनाने का प्रयास करेंगे।
वहीं प्रबंधक शिवमोहन पटेल ने कहा कि समिति के सभी सदस्यों के सहयोग से विद्यालय को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने और छात्रों के उज्ज्वल भविष्य के लिए निरंतर कार्य किया जाएगा।
इस अवसर पर राजेश शर्मा, वंश नारायण पटेल, महेंद्र पटेल, पारस नाथ पटेल, ज्योति शंकर शर्मा, जगत पटेल, अजीत कुमार जवाहिर पटेल सहित प्रबंध समिति के सभी सदस्य उपस्थित रहे।