वाराणसी: वरुणा जोन के चोलापुर थाना क्षेत्र में खाकी पर हाथ उठाने वालों के खिलाफ अब सख्त कार्रवाई शुरू हो गई है। प्रशिक्षु IPS और चोलापुर थाना प्रभारी मानसी दहिया के कड़े तेवरों ने अपराधियों में खौफ पैदा कर दिया है। ग्राम नेहियां में पुलिस टीम पर हुए पथराव के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए उनकी टीम ने तीन मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, 16 अप्रैल को ग्राम नेहियां में झंडा-पोस्टर लगाने को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ था। 17 अप्रैल को जब पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने और शांति व्यवस्था कायम करने का प्रयास कर रही थी, तभी उपद्रवियों ने पुलिस पर पथराव कर दिया। इस घटना में कई पुलिसकर्मी घायल हो गए, जिससे क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया।
आधी रात को ‘लेडी सिंघम’ का एक्शन
घटना को गंभीरता से लेते हुए मानसी दहिया ने खुद मोर्चा संभाला। मुखबिर की सूचना पर 18 अप्रैल की देर रात करीब 12:20 बजे पुलिस टीम ने नेहियां प्राथमिक विद्यालय के पीछे घेराबंदी की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने अजीत कुमार, प्रदीप कुमार और राजकुमार को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक बाल अपचारी को भी हिरासत में लिया गया है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बी.एन.एस. की गंभीर धाराओं और 7 CLA एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। इस त्वरित कार्रवाई के बाद क्षेत्र में पुलिस की सख्ती की चर्चा है और स्थानीय लोग मानसी दहिया के निडर नेतृत्व की सराहना कर रहे हैं।