फुलपुर में मजदूर को पटक-पटककर पीटा, DCP गोमती जोन के आदेश पर 7 पर मुकदमा
पिंडरा। फुलपुर थाना क्षेत्र के जगदीशपुर गांव में मजदूरी कर रहे युवक के साथ दबंगई और मारपीट का मामला सामने आया है। पुलिस उपायुक्त गोमती जोन के आदेश पर 7 नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
पीड़ित विरेन्द्र राजभर ने तहरीर में बताया कि रविवार सुबह करीब 9 बजे वह गांव में लेबर का काम कर रहा था। तभी विनय पटेल, गोलू पटेल, शेरू पटेल, प्रकाश पटेल, लक्ष्मण पटेल, राजेश पटेल और अभिषेक वहां पहुंचे। आरोप है कि सभी ने पहले गाली-गलौज की, फिर उसे पटक-पटककर पीटा। लात-घूंसों, मुक्कों और लाठी से हमला किया गया।
मारपीट में विरेन्द्र के सिर, नाक, पेट और पेड़ू में चोटें आई हैं। पीड़ित का कहना है कि आरोपियों ने जाते-जाते जान से मारने की धमकी भी दी। उसने खुद की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई है, क्योंकि वह अक्सर रात में ड्यूटी पर जाता है।
मामले में खास बात यह है कि पीड़ित ने घटना का वीडियो साक्ष्य होने का दावा किया है। शिकायत उच्चाधिकारियों तक पहुंचने के बाद पुलिस उपायुक्त गोमती जोन के निर्देश पर फूलपुर थाने में केस दर्ज किया गया। इसके बाद मेडिकल परीक्षण भी कराया गया।
पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 191(2), 115(2), 352 और 351(3) के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच की जिम्मेदारी उपनिरीक्षक सुनील कुमार यादव को सौंपी गई है।
थानाध्यक्ष फुलपुर इंस्पेक्टर अतुल कुमार सिंह का कहना है कि वीडियो फुटेज, मेडिकल रिपोर्ट और गवाहों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव में चर्चा का माहौल है।