बाबतपुर (वाराणसी)।
भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) के चेयरमैन विपिन कुमार ने शुक्रवार को लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा का औचक निरीक्षण किया। उनके साथ नागर विमानन मंत्रालय के सचिव एस के सिन्हा भी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान चेयरमैन ने एयरपोर्ट पर चल रहे विभिन्न विकास कार्यों का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने निर्माणाधीन टर्मिनल बिल्डिंग, एप्रन, रनवे विस्तार और मल्टी लेवल कार पार्किंग जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान अधिकारियों से कार्यों की विस्तृत जानकारी ली गई और गुणवत्ता मानकों की जांच भी की गई।
चेयरमैन विपिन कुमार ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी परियोजनाएं तय समय सीमा के भीतर और निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरी की जाएं। उन्होंने कहा कि वाराणसी एयरपोर्ट देश के प्रमुख हवाई अड्डों में शामिल है, इसलिए यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने, गुणवत्ता बनाए रखने और सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने यह भी कहा कि इन परियोजनाओं के पूर्ण होने के बाद एयरपोर्ट की क्षमता और सुविधाओं में उल्लेखनीय वृद्धि होगी, जिससे यात्रियों को और बेहतर अनुभव मिलेगा।
इस अवसर पर एयरपोर्ट निदेशक सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे, जिन्होंने चेयरमैन को चल रही परियोजनाओं की प्रगति से अवगत कराया।