सिंधोरा में पत्नी से मारपीट, दूसरी शादी का आरोप
ससुराल पहुंची महिला को लाठी-डंडों से पीटने का केस दर्ज
वाराणसी के सिन्धोरा थाना क्षेत्र में एक महिला ने पति और ससुराल पक्ष पर दूसरी शादी करने, दहेज प्रताड़ना और मारपीट का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
चरये गांव निवासी पूनम कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी शादी ओदार गांव निवासी सबलू पटेल से हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से पति और ससुराल वाले कम दहेज लाने की बात कहकर उसे प्रताड़ित करते थे। मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया गया था, जिसके संबंध में मामला पहले से न्यायालय में लंबित है।
महिला का आरोप है कि इसी बीच पति ने पहली पत्नी के रहते दूसरी शादी कर ली। इसकी जानकारी मिलने पर वह 17 अप्रैल की शाम करीब 7 बजे मायके से ससुराल पहुंची और इस बारे में पूछताछ की।
पूनम के मुताबिक, उसे देखते ही पति सबलू पटेल, ससुर श्यामदुलार, गोविंद पटेल, चिंता देवी और पति की कथित दूसरी पत्नी ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर सभी ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गई। आरोप है कि जाते-जाते धमकी दी गई कि दोबारा आई तो जान से मार देंगे।
घटना के बाद महिला ने डायल 112 पर सूचना दी। इसके बावजूद आरोपियों के थाने न आने पर उसने लिखित शिकायत देकर सुरक्षा की गुहार लगाई।
मामले में थानाध्यक्ष सिंधोरा इंस्पेक्टर ज्ञानेंद्र त्रिपाठी ने बताया कि तहरीर मिलते ही भारतीय न्याय संहिता की धारा 351(3), 352, 115(2) और 191(2) के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच की जिम्मेदारी उपनिरीक्षक दिप्ती शर्मा को सौंपी गई है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।