दादरी (गौतम बुद्ध नगर), 27 अप्रैल 2026:
देशव्यापी अभियान के तहत आज दादरी तहसील में गौ माता को “राष्ट्र माता” का दर्जा दिलाने एवं गौचर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग को लेकर एक विशाल जनआंदोलन देखने को मिला। इस दौरान वेद नागर के नेतृत्व में हजारों लोगों ने एकत्र होकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम ज्ञापन सौंपा।
इस अवसर पर अभियान का नेतृत्व कर रहे राष्ट्रीय अध्यक्ष वेद नागर ने कहा कि यह आंदोलन केवल आस्था से जुड़ा नहीं है, बल्कि देश की सांस्कृतिक विरासत और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को बचाने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है। उन्होंने बताया कि इस राष्ट्रव्यापी अभियान के तहत देशभर की लगभग 5400 तहसीलों और मुख्यालयों पर ज्ञापन सौंपे जा रहे हैं, जो जनभावनाओं का प्रतीक है।
वेद नागर ने जानकारी दी कि जनपद गौतम बुद्ध नगर में इस अभियान को भारी जनसमर्थन मिला है। लगभग 9,86,754 लोगों ने मिस कॉल के माध्यम से भागीदारी दर्ज कराई, जबकि 2,54,372 लोगों ने हस्ताक्षर कर प्रधानमंत्री के नाम अपना समर्थन व्यक्त किया।
उन्होंने आरोप लगाया कि जिले में लगभग 10,000 करोड़ रुपये की गौचर भूमि में घोटाला हो रहा है, जिसे भूमाफियाओं को बेचा जा रहा है, जबकि प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है।
उन्होंने यह भी कहा कि उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्र में मोदी सरकार जनता के समर्थन से सत्ता में आई है, इसलिए गौ माता के संरक्षण और गौचर भूमि की रक्षा करना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है।