ट्रेंडिंग | Up वाराणसी

डीसीपी गोमती जोन व्यापारियों संग गोष्ठी की : गोष्ठी के दौरान व्यापारी बंधुओं द्वारा स्थानीय व्यापारिक गतिविधियों से जुड़ी विभिन्न समस्याएं एवं सुझाव साझा किए गए।

बंगा गुप्ता

Sat, Apr 18, 2026

29 Views
गोष्ठी के दौरान व्यापारी बंधुओं द्वारा स्थानीय व्यापारिक गतिविधियों से जुड़ी विभिन्न समस्याएं एवं सुझाव साझा किए गए।

पुलिस उपायुक्त गोमती ज़ोन महोदया द्वारा व्यापारियों संग गोष्ठी कर

दिए दिशा-निर्देश

बाबतपुर स्थित पुलिस उपायुक्त कार्यालय में गोमती ज़ोन श्रीमती नीतू कादयान द्वारा जोन के अंतर्गत समस्त थानों के व्यापारी बंधुओं के साथ एक गोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न व्यापारी संघों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

गोष्ठी के दौरान व्यापारी बंधुओं द्वारा स्थानीय व्यापारिक गतिविधियों से जुड़ी विभिन्न समस्याएं एवं सुझाव साझा किए गए। उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके समाधान हेतु आवश्यक निर्देश दिए गए। महोदया ने स्पष्ट किया कि पुलिस को प्राप्त होने वाली सभी शिकायतों का निष्पक्ष एवं प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाएगा।

इस दौरान अधिकांश व्यापारियों द्वारा सार्वजनिक स्थलों एवं हाईवे पर लगी स्ट्रीट लाइटों के खराब होने की समस्या उठाई गई। उनका कहना था कि कस्बों में स्ट्रीट लाइट खराब रहने से चोरी की घटनाओं तथा हाईवे पर सड़क दुर्घटनाओं की संभावना बढ़ जाती है। इस संबंध में महोदया ने बताया कि यद्यपि यह विषय सीधे पुलिस विभाग से संबंधित नहीं है, तथापि व्यापारियों द्वारा बताई गई ऐसी सभी समस्याओं के समाधान हेतु संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर पृथक गोष्ठी आयोजित की जाएगी, जिससे समस्याओं का प्रभावी निराकरण कराया जा सके।

एक व्यापारी द्वारा सीसीटीवी कैमरा खराब होने की समस्या भी बताई गई, जिस पर महोदया ने संबंधित थाना प्रभारी से वार्ता कर तत्काल समाधान सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।

इसके अतिरिक्त कुछ व्यापारियों द्वारा बढ़ते साइबर अपराधों को लेकर चिंता व्यक्त की गई। इस पर महोदया ने अवगत कराया कि साइबर अपराधों से बचाव हेतु जन-जागरूकता अत्यंत आवश्यक है तथा पुलिस द्वारा समय-समय पर जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं।

पुलिस उपायुक्त महोदया ने सभी व्यापारी बंधुओं से अपील की कि वे अपनी छोटी से छोटी समस्याओं को भी पुलिस के साथ साझा करें, ताकि समय रहते उनका प्रभावी निस्तारण किया जा सके। साथ ही यह भी निर्देशित किया गया कि सभी व्यापारी अपने प्रतिष्ठानों पर सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य रूप से लगवाएं तथा उनका रुख सार्वजनिक मार्ग की ओर रखें, जिससे सार्वजनिक गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी सुनिश्चित की जा सके।

गोष्ठी के समापन पर व्यापारी बंधुओं द्वारा पुलिस उपायुक्त श्रीमती नीतू कादयान को स्मृति चिन्ह भेंट कर एवं पारंपरिक साफा पहनाकर सम्मानित किया गया। व्यापारी प्रतिनिधियों ने पुलिस प्रशासन द्वारा उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनने एवं समाधान हेतु तत्परता दिखाने पर आभार व्यक्त किया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि पुलिस एवं व्यापारियों के आपसी सहयोग से न केवल व्यापारिक वातावरण सुदृढ़ होगा, बल्कि क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था भी और अधिक मजबूत होगी।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें

ख़बरें और भी हैं...