ट्रेंडिंग | Up वाराणसी

अजय राय का तीखा हमला : पश्चिम बंगाल चुनावी बयान पर घमासान: योगी आदित्यनाथ के कथन पर अजय राय का तीखा हमला

Vivek Kumar

Tue, Apr 21, 2026

35 Views
पश्चिम बंगाल चुनावी बयान पर घमासान: योगी आदित्यनाथ के कथन पर अजय राय का तीखा हमला

पश्चिम बंगाल में चुनावी माहौल के बीच उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के एक बयान को लेकर राजनीतिक विवाद गहराता जा रहा है। मुख्यमंत्री द्वारा एक सभा में “तुम मुझे खून दो, मैं तुम्हें आज़ादी दूँगा” नारे को स्वामी विवेकानन्द से जोड़ने पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है।

अजय राय ने अपने बयान में कहा कि यह अमर नारा महान क्रांतिकारी नेता सुभाष चंद्र बोस का है, जिन्होंने स्वतंत्रता संग्राम में युवाओं को प्रेरित कर आज़ादी की लड़ाई को नई दिशा दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वामी विवेकानंद और सुभाष चंद्र बोस दोनों का योगदान अलग-अलग क्षेत्रों में महत्वपूर्ण रहा है और दोनों ही बंगाल की पवित्र धरती से जुड़े महान व्यक्तित्व हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री का यह बयान इतिहास और महापुरुषों की विरासत के साथ “गंभीर खिलवाड़” है। अजय राय के अनुसार, “यह केवल एक गलती नहीं बल्कि अज्ञानता का परिचायक है, जो दर्शाता है कि भाजपा के लिए चुनाव जीतना ही सर्वोपरि है, भले ही इसके लिए इतिहास को तोड़-मरोड़ कर पेश करना पड़े।”

कांग्रेस अध्यक्ष ने आगे कहा कि यह बेहद चिंताजनक है कि जिस तथ्य को स्कूली बच्चे सामान्य ज्ञान में पढ़ते हैं, उसी को लेकर प्रदेश के मुख्यमंत्री भ्रमित दिखाई देते हैं। उन्होंने इसे उस मानसिकता का प्रतीक बताया जिसमें अध्ययन और तथ्यों की जगह भाषणबाजी ने ले ली है।

अजय राय ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी का राजनीतिक मॉडल “झूठ और भ्रम” फैलाने पर आधारित हो गया है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सरकार युवाओं के भविष्य और प्रतियोगी परीक्षाओं की पारदर्शिता को लेकर गंभीर नहीं है।

उन्होंने कहा, “जब स्वयं मुख्यमंत्री का सामान्य ज्ञान इस स्तर का होगा, तो युवाओं की योग्यता पर सवाल उठाना दुर्भाग्यपूर्ण है।”

अंत में अजय राय ने कहा कि सार्वजनिक मंचों पर बोलने से पहले तथ्यों का अध्ययन आवश्यक है, ताकि प्रदेश और देश की गरिमा बनी रहे। उन्होंने दोहराया कि कांग्रेस पार्टी हमेशा इतिहास, सत्य और महापुरुषों के सम्मान के साथ खड़ी रही है और आगे भी रहेगी।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें

ख़बरें और भी हैं...

लाइव टीवी