वाराणसी के नेहिया गांव में धार्मिक झंडा विवाद ने पकड़ा तूल, नारेबाजी के बीच हिंसक झड़प, एसीपी समेत कई पुलिसकर्मी घायल
वाराणसी के चोलापुर के थाना क्षेत्र स्थित गोसाईपुर चौकी अंतर्गत नेहिया गांव में भैरव धाम गेट पर धार्मिक झंडा लगाने को लेकर शुरू हुआ विवाद शुक्रवार को अचानक उग्र हो गया। दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और जमकर नारेबाजी होने लगी, जिससे क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बन गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस और प्रशासनिक टीम ने स्थिति संभालने की कोशिश की, लेकिन इसी दौरान विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। घटना में विदूष सक्सेना घायल हो गए। साथ ही एक दरोगा और एक सिपाही के घायल होने की भी सूचना है।
मौके पर SDM Pindra सहित भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन ने हालात पर नियंत्रण पाने के लिए अतिरिक्त फोर्स बुला ली है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कुछ अराजक तत्व माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे थे, जबकि प्रशासन की सूझबूझ से बड़ा विवाद टल गया। फिलहाल गांव में तनाव को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि उपद्रवियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।