वाराणसी। चोलापुर थाना क्षेत्र के नेहिया (पिंडरा) स्थित भैरवनाथ मंदिर गेट को लेकर चल रहा विवाद एक बार फिर हिंसक हो उठा। बीते दिन सांयकाल तक शांत रहा माहौल अचानक उस समय बिगड़ गया, जब कुछ अराजक तत्वों ने मौके पर तैनात पुलिस बल पर पथराव शुरू कर दिया।
इस अचानक हुए पथराव में एसीपी विदुष सक्सेना समेत चोलापुर थाने में तैनात एक दरोगा घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थिति को संभालने के लिए पुलिस को सख्ती दिखानी पड़ी।
हालात काबू में करने के लिए पुलिस ने हल्का लाठीचार्ज किया और कई उपद्रवियों को हिरासत में ले लिया। घटना के बाद पूरे इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
प्रशासन के अनुसार फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन एहतियात के तौर पर क्षेत्र में लगातार निगरानी रखी जा रही है। अधिकारियों ने लोगों से अफवाहों से दूर रहने और शांति बनाए रखने की अपील की है।
स्थानीय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।