एयरपोर्ट विकास और कनेक्टिविटी को लेकर हुई अहम बैठक
बाबतपुर लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के कांफ्रेंस हाल में बुधवार को एक महत्वपूर्ण एवं दूरदर्शी बैठक प्रिया सरोज सांसद, मछलीशहर की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई तथा यात्री सुविधाओं को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान सांसद ने एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा स्वच्छता के उच्च मानकों को सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया । साथ ही यात्रियों को बेहतर अनुभव प्रदान करने के उद्देश्य से विभिन्न सुधारात्मक उपायों पर चर्चा की गई।
इस अवसर पर न्यू टर्मिनल बनने के बाद एयरपोर्ट से विमानों सहित यात्रियों के आवागमन में बढ़ोत्तरी दर्ज होगी और शहर की ट्रैफिक के दृष्टिगत वाराणसी शहर तक मेट्रो संचालन की संभावनाओं पर भी गहन विचार-विमर्श हुआ सांसद ने अधिकारियों से कहा कि एयरपोर्ट से शहर के लिए मेट्रो ट्रेन के लिए पत्राचार करें मैंने भी किया है जिससे जल्द से जल्द इस पर कार्य शुरू हो सके और प्रस्तावित योजनाओं के माध्यम से शहर और एयरपोर्ट के बीच सुगम, तेज एवं आधुनिक कनेक्टिविटी स्थापित करने पर बल दिया गया।
बैठक में यह भी तय किया गया कि टर्मिनल भवन के बाहर यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित किया जाएगा। इसके तहत ओला-उबर जैसी कैब सेवाओं, प्रीपेड टैक्सी तथा निजी वाहनों के लिए अलग-अलग लेन बनाने पर जोर दिया गया।
वहीं सलाहकार समिति के सदस्य सिकंदर मिश्रा ने एयरपोर्ट परिसर के बाहर एक हेल्प डेस्क स्थापित करने की मांग रखी, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले यात्रियों एवं उनके परिजनों को आवश्यक जानकारी आसानी से मिल सके। इस प्रस्ताव पर सहमति जताई गई।
बैठक में एयरपोर्ट निदेशक पुनीत गुप्ता,एसडीएम पिंडरा प्रतिभा मिश्रा,एयर इंडिया मिथलेश पांडे,ओएसडी दिनेश गुप्ता सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी एवं हितधारक मौजूद रहे। साथ ही यह संकल्प लिया गया कि यात्री सुविधाओं के विस्तार, बेहतर यातायात व्यवस्था और आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास के माध्यम से वाराणसी को एक विश्वस्तरीय कनेक्टिविटी हब के रूप में विकसित किया जाएगा।