चौबेपुर।
गाजीपुर के कठेरिया गांव की घटना के बाद जिले में संभावित तनाव को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। कांग्रेस नेताओं व कार्यकर्ताओं के कठेरिया जाने की संभावित सूचना को ध्यान में रखते हुए वाराणसी-गाजीपुर सीमा पर सख्ती बढ़ा दी गई है।सीमा क्षेत्र स्थित कैथी टोल प्लाजा व राजवारी बॉर्डर पर सोमवार को पुलिस और पीएसी के जवान मुस्तैद नजर आए। टोल प्लाजा से गुजरने वाले सभी वाहनों की सघन चेकिंग की गई और संदिग्ध व्यक्तियों पर विशेष नजर रखी गई।पड़ोसी जिले गाजीपुर के प्रशासन ने 30 अप्रैल तक जनपद में धारा 163 लागू कर दी है। इसका उद्देश्य किसी भी प्रकार के विरोध प्रदर्शन व भीड़ एकत्र होने से रोकते हुए शांति व्यवस्था बनाए रखना है।सीमा पर पुलिस बल तैनात रहा और लगातार निगरानी के साथ चेकिंग अभियान तेज किया गया। इसके अलावा पीएसी की टुकड़ी भी तैनात की गई है, जो हर गतिविधि पर पैनी नजर रख रही है। प्रशासन बाहरी तत्वों की आवाजाही पर विशेष नजर रखते हुए किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है।